दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को वोटिंग होगी और नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में राजनीतिक माहौल भी गरमाता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को समर्थन देने की घोषणा की है। इस फैसले से यह साफ हो गया है कि सपा, दिल्ली चुनाव में कांग्रेस का समर्थन नहीं करेगी। हाल ही में कांग्रेस द्वारा अपने सहयोगी दलों की अनदेखी करने का मुद्दा भी जोर पकड़ चुका था, और अब अखिलेश यादव के इस फैसले से दिल्ली से लेकर लखनऊ तक की राजनीति में हलचल मच गई है।
दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कोई गठबंधन नहीं हो सका है। दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, जबकि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही इंडिया गठबंधन का हिस्सा थीं। सपा भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन अखिलेश यादव ने कांग्रेस को छोड़कर केजरीवाल को अपना समर्थन देने का फैसला किया है।
सपा अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी दिल्ली में चुनाव नहीं लड़ेगी। अरविंद केजरीवाल ने अखिलेश यादव का समर्थन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया और सोशल मीडिया पर लिखा, “बहुत बहुत शुक्रिया अखिलेश जी। आपका हमेशा हमें सपोर्ट और साथ रहता है। इसके लिए मैं और दिल्ली की जनता आपकी आभारी है।”
अखिलेश यादव ने कहा, “जो भी बीजेपी को हराएगा, सपा उसका साथ देगी।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के पास दिल्ली में मजबूत संगठन नहीं है, इसलिए वे आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन दे रहे हैं। “हम आम आदमी पार्टी के साथ मंच शेयर करेंगे और आप ही दिल्ली में बीजेपी को हरा सकती है।”